अमित शाह ने कर्नाटक के हुबली में JGMM मेडिकल कॉलेज और KLE हॉस्पिटल कैंपस का किया दौरा
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हुबली में नवनिर्मित JGMM मेडिकल कॉलेज और KLE हॉस्पिटल का दौरा किया, जिसमें 1,200 बिस्तरों और 250 MBBS सीटों की सुविधा उपलब्ध है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कर्नाटक के हुबली स्थित KLE जगतगुरु गंगाधर महास्वामी मूरुसवीरमठ (JGMM) मेडिकल कॉलेज और KLE हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के कैंपस का दौरा किया।
इस अवसर पर X प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा की गई जानकारी में श्री अमित शाह ने बताया कि KLE संस्थान पिछले 110 से अधिक वर्षों से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से देश की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि 250 MBBS सीटों और 1,200 बिस्तरों वाली यह नई सुविधा कर्नाटक में विश्व-स्तरीय स्वास्थ्य सेवा पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उल्लेखनीय है कि इस अस्पताल के कुल बिस्तरों में से 300 बिस्तर गरीबों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
यह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल लगभग 50 एकड़ भूमि पर करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है, जिसका कुल बिल्ट-अप एरिया 20 लाख वर्ग फीट है। इस संस्थान में मरीजों को एक ही छत के नीचे विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
अस्पताल में बुनियादी स्पेशियलिटी सुविधाएं जैसे जनरल मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, पल्मोनोलॉजी, स्त्री एवं बाल रोग, नेत्र रोग, ENT, मनोरोग, डेंटिस्ट्री और फिजियोथेरेपी उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं के अंतर्गत कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन, यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और आधुनिक लैब की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
संस्थान में अत्याधुनिक सुविधाओं का विस्तार करते हुए 24 घंटे हाई-स्पीड इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर, आधुनिक डायलिसिस यूनिट, डिजिटल एक्स-रे, हाई-रिज़ॉल्यूशन CT स्कैन और अल्ट्रासोनोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है।