अमित शाह भोपाल में गौपालक सम्मेलन को करेंगे संबोधित, डेयरी क्षेत्र की कई परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर 2026 को भोपाल में गौपालक सम्मेलन में शामिल होंगे और न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 3 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित दशहरा मैदान में आयोजित गौपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वे न्याय संहिता पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और नवीन न्यायिक संहिता के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी खंडों का अवलोकन करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। श्री अमित शाह उज्जैन में ₹255 करोड़ की लागत से बनने वाले 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का डिजिटल माध्यम से भूमिपूजन करेंगे। साथ ही, भोपाल में ₹16.5 करोड़ की लागत से तैयार 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और ₹12.42 करोड़ की लागत वाली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रयोगशाला का लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त, शिवपुरी में ₹6.5 करोड़ की लागत से हुए मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी डिजिटल माध्यम से लोकार्पण किया जाएगा।
सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के सदस्यों को सिंगल क्लिक के माध्यम से बोनस का वितरण किया जाएगा। साथ ही, गौशालाओं को भी डिजिटल माध्यम से सहायता राशि प्रदान की जाएगी। दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों को कुल ₹15.10 करोड़ के लाभांश का वितरण होगा और 'गौपालक दीदियों' को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत दो स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में, भोपाल में ‘मोरवन प्रोजेक्ट’ के तहत नगर वन विकसित करने के लिए KRIBHCO और मध्य प्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड (MP State Biodiversity Board) के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान किया जाएगा।


