केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 और 13 अक्टूबर को मिजोरम के दौरे पर, करेंगे 10 परियोजनाओं का शुभारंभ
केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मिजोरम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा नॉर्थ ईस्ट बैंकर्स कॉन्क्लेव 3.0 का नेतृत्व करेंगे।

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया 12 और 13 अक्टूबर, 2026 को मिजोरम की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री के रूप में यह उनकी दूसरी मिजोरम यात्रा होगी। इस दौरे का उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र का विकास, युवाओं का सशक्तिकरण और विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
अपनी यात्रा के दौरान श्री सिंधिया मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा के साथ मिलकर 10 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 12 अक्टूबर को आइजोल पहुंचने के बाद वह तुइवामित का दौरा करेंगे, जहां इन विकास पहलों की शुरुआत की जाएगी। इसके पश्चात, वह मिजोरम विश्वविद्यालय जाएंगे और वहां विद्यार्थियों के साथ-साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के ‘अष्टलक्ष्मी दर्शन कार्यक्रम’ से जुड़े छात्रों के साथ संवाद करेंगे।
यात्रा के दूसरे दिन, 13 अक्टूबर को श्री सिंधिया पुनः मिजोरम विश्वविद्यालय का दौरा करेंगे, जहां वह 'नॉर्थ ईस्ट बैंकर्स कॉन्क्लेव 3.0' का उद्घाटन करेंगे और मुख्य भाषण देंगे। इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना, ऋण की उपलब्धता को सरल बनाना और क्षेत्र के आर्थिक विकास में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका पर विचार-विमर्श करना है। अपनी इस यात्रा के दौरान वह सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बैंकिंग क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ भी चर्चा करेंगे।