चेन्नई में 'विंडरजी इंडिया 2026' का आयोजन, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी करेंगे उद्घाटन
भारत के प्रमुख पवन ऊर्जा कार्यक्रम 'विंडरजी इंडिया' के 8वें संस्करण का आयोजन 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक चेन्नई में किया जाएगा।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी 8 अक्टूबर 2026 को चेन्नई ट्रेड सेंटर में 'विंडरजी इंडिया' सम्मेलन के 8वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत का एक प्रमुख पवन ऊर्जा केंद्रित आयोजन है।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत राज्य मंत्री श्री श्रीपद येसो नाइक तथा तमिलनाडु सरकार के ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्री थिरु सी.टी.आर. निर्मल कुमार उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पवन ऊर्जा संघ और उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियां भी शामिल होंगी। समारोह के दौरान ग्लोबल एमओयू (समझौता ज्ञापन) की घोषणाएं की जाएंगी, क्षेत्र से संबंधित प्रमुख रिपोर्ट जारी होंगी और पवन ऊर्जा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों को सम्मानित किया जाएगा।
भारत की पवन ऊर्जा क्षमता के संबंध में आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 6.05 गीगावॉट पवन ऊर्जा का उत्पादन किया गया, जिससे अगस्त 2026 तक कुल क्षमता 58.52 गीगावॉट तक पहुंच गई है। वर्तमान में 28 गीगावॉट क्षमता प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जो वर्ष 2030 तक 100 गीगावॉट के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगा।
'विंडरजी इंडिया 2026' के तहत 7 से 9 अक्टूबर तक तीन दिवसीय व्यापार मेला, दो दिवसीय सम्मेलन, तकनीकी सत्र, राउंड टेबल चर्चा, सजीव प्रदर्शन, बी2बी और बी2जी बैठकें तथा शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस वैश्विक आयोजन में 20 से अधिक देशों के लगभग 400 वैश्विक प्रदर्शक और 500 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में डेनमार्क, जर्मनी और स्पेन के विशेष देश मंडप भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
इस सम्मेलन में घरेलू मूल्य वर्धन, उन्नत टरबाइन प्लेटफॉर्म, हेवी-ड्यूटी गियरबॉक्स, एआई-आधारित ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) तथा ऑफशोर पवन क्षमताओं पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही विनिर्माण प्रतिस्पर्धा और ऑफशोर पवन ऊर्जा के नए आयामों पर उच्च स्तरीय चर्चाएं होंगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और विद्युत मंत्रालय के सहयोग से 'इंडियन विंड टरबाइन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन' (आईडब्ल्यूटीएमए) और 'पीडीए वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा किया जा रहा है।


