पलवल में खुले मैनहोल में गिरने से बच्ची की मौत, एनएचआरसी ने लिया स्वत: संज्ञान
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने हरियाणा के पलवल में एक चार साल की बच्ची की मौत के मामले में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने हरियाणा के पलवल में एक चार साल की बच्ची की मौत की कथित घटना का स्वत: संज्ञान लिया है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 14 सितंबर, 2026 को बच्ची अपने घर के पास खेलते समय एक खुले मैनहोल में गिर गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्थानीय निवासियों द्वारा संबंधित अधिकारियों से कई शिकायतें करने के बावजूद मैनहोल खुला रहा था।
16 सितंबर, 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची के परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे खुले मैनहोल के अंदर पाया और गंभीर हालत में जिला सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एनएचआरसी ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट की सामग्री सच है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला है। इस संबंध में आयोग ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक, पलवल को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। आयोग ने रिपोर्ट में जांच की वर्तमान स्थिति और मृतका के परिजनों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) की जानकारी मांगी है।