महाराष्ट्र के पर्यटन स्थलों पर सूर्य किरण वायु प्रदर्शनी आयोजित करने की केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने की अपील
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से नवंबर 2026 में लोनार, अजंता और एलोरा में वायु सेना के सूर्य किरण टीम द्वारा प्रदर्शन आयोजित करने का अनुरोध किया है।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर महाराष्ट्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारतीय वायु सेना की 'सूर्य किरण' एरोबेटिक डिस्प्ले टीम द्वारा हवाई प्रदर्शन आयोजित करने का अनुरोध किया है। यह प्रस्ताव 23 से 25 नवंबर, 2026 के बीच आयोजित करने के लिए दिया गया है।
मंत्री श्री जाधव ने अपने पत्र में बुलढाणा जिले की लोनार क्रेटर झील, अजंता और एलोरा गुफाओं को इन प्रदर्शनों के लिए प्रस्तावित किया है। उन्होंने सूर्य किरण टीम की सटीकता, कौशल और समन्वित हवाई युद्धाभ्यास की प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रदर्शन भारत की विमानन क्षमताओं को प्रदर्शित करते हैं। साथ ही, इससे आम जनता की रुचि बढ़ती है और युवाओं को भारतीय वायु सेना में करियर के अवसरों के प्रति प्रोत्साहन मिलता है।
प्रस्ताव में लोनार क्रेटर झील की विशिष्ट भूवैज्ञानिक और पर्यावरणीय विशेषताओं पर जोर दिया गया है, जो अपने खारे और क्षारीय जल के कारण पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र है। इसके अतिरिक्त, यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल अजंता और एलोरा की गुफाओं के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया गया है।
श्री जाधव ने रक्षा मंत्रालय से अनुरोध किया है कि वह 23, 24 या 25 नवंबर, 2026 में से किसी भी दिन इन स्थलों पर सूर्य किरण एरोबेटिक डिस्प्ले और संबंधित प्रेरणादायक गतिविधियों के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमोदन प्रदान करे और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करे। इस प्रस्तावित एयर शो का मुख्य उद्देश्य इन पर्यटन स्थलों के प्रति सार्वजनिक आकर्षण बढ़ाना और महाराष्ट्र की समृद्ध प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं विरासत पर्यटन क्षमता को उजागर करना है।



