विकसित भारत के लिए युवा बनें ब्रांड एम्बेसडर और राष्ट्र निर्माण को बनाएं केंद्र: डॉ. मनसुख मांडविया
वाराणसी में आयोजित 'MY भारत' युवा सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं से विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने 10 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित स्वतंत्रता भवन में 'मेरा युवा भारत' (MY भारत) के माध्यम से 'यूथ फॉर विकसित भारत: MY भारत यूथ कन्वेंशन' का आयोजन किया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य खेल, शिक्षा और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाना और उन्हें राष्ट्र-निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं को केवल विकास यात्रा का लाभार्थी न मानकर 'विकसित भारत' के सक्रिय भागीदार और ब्रांड एम्बेसडर बनें। प्रधानमंत्री के विकसित भारत@2047 के विजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही भविष्य के भारत का नेतृत्व करेगी, इसलिए विकसित भारत का निर्माण युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए और युवाओं के माध्यम से होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मांडविया ने राष्ट्र निर्माण में अनुशासन, सेवा, उत्तरदायित्व और सम्मान जैसे सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट उद्देश्य के साथ किए गए छोटे और निरंतर प्रयास भी बड़े परिणाम ला सकते हैं। मंत्री ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मादक पदार्थों का सेवन राष्ट्रीय प्रगति के मार्ग में एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने युवाओं से अपनी रचनात्मकता और डिजिटल प्रभाव का जिम्मेदारी से उपयोग कर एक नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। खेल श्रेणी में एशियाई खेलों के पदक विजेता रोहित यादव, प्राची चौधरी, पारुल चौधरी, जय कुमार और राज कुमार पाल को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक क्षेत्र में आईआईटी (बीएचयू) में प्रवेश पाने वाले अर्पित गिरि, आदित्य उपाध्याय और अवंतिका को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा, सकारात्मक सामाजिक प्रभाव डालने वाले डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स प्रज्वल प्रजापति, अभिषेक चौरसिया, अमित कुमार गौतम, हर्ष गुप्ता, शिवम पांडे, सूर्यांशु शुक्ला, सौरभ चंद्रा, भीम यादव, शिवादित्य, दिशु खन्ना और आदित्य मौर्य को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय क्रिकेटर ध्रुव जुरेल ने अनुशासन और लगन के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए, जबकि 'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने रचनात्मक अभिव्यक्ति और स्टोरीटेलिंग की भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम में साधु तिवारी द्वारा संगीतमय प्रस्तुति और MY भारत वॉलंटियर्स द्वारा लोक संगीत, नुक्कड़ नाटक व लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चंद्र यादव और भारत सरकार के युवा कार्यक्रम विभाग के सचिव श्री सुनील पालीवाल भी शामिल हुए। सम्मेलन में MY भारत की उस भूमिका पर जोर दिया गया जिसके माध्यम से युवाओं को वॉलंटियरिंग, लीडरशिप और सामुदायिक भागीदारी के अवसरों से जोड़ा जाता है।


