72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: 22 सितंबर को एकता नगर में होगा भव्य समारोह, अनंत नाग को मिलेगा दादासाहेब फाल्के पुरस्कार
गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति वर्ष 2024 की सिनेमाई उपलब्धियों के लिए कलाकारों को सम्मानित करेंगी।

भारतीय सिनेमा की उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन 22 सितंबर, 2026 को गुजरात के केवडि़या स्थित एकता नगर में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित समारोह में राष्ट्रपति वर्ष 2024 के लिए चयनित विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी।
भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 का दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पांच दशकों से अधिक के अपने करियर में अनंत नाग ने कन्नड़ और भारतीय सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पुरस्कारों की घोषणा के अनुसार, 'आर्टिकल 370' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है। वहीं, सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार 'भंगार' और सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का सम्मान 'राम-नामी' को मिलेगा। अभिनय श्रेणियों में 'ब्रह्मयुगम' के लिए ममूटी और 'चंदू चैंपियन' के लिए कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में चुना गया है। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार 'आर्टिकल 370' के लिए यामी गौतम को दिया जाएगा। इसके अलावा, रणदीप हुडा को फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिलेगा।
विभिन्न अन्य श्रेणियों में कल्कि 2898 एडी, आमरण, पुष्पा: द रूल पार्ट-02, भूल भुलैया 3 और स्त्री 2 जैसी फिल्मों को भी सम्मानित किया जाएगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस बार समारोह को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बाहर गुजरात के एकता नगर में आयोजित कर एक नई पहल की है। मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि आगामी वर्षों में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का उत्सव देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किया जाएगा, ताकि यह उत्सव विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के करीब आ सके और देश की सांस्कृतिक एवं सिनेमाई विविधता का प्रदर्शन हो सके।