FCRA रजिस्ट्रेशन के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने गृह मंत्रालय के दो अकाउंटेंट स्तर के अधिकारियों को FCRA रजिस्ट्रेशन कराने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में पकड़ा है।

गृह मंत्रालय से प्राप्त विशेष जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर 28 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में दो सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अधिकारियों में से एक सीनियर अकाउंटेंट और दूसरा अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है।
इन अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने एक एसोसिएशन से संपर्क किया और उसका लंबित FCRA रजिस्ट्रेशन कराने के बदले अवैध रूप से रिश्वत की मांग की। गिरफ्तार अधिकारियों में से एक वर्तमान में गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन (Foreigners Division) में तैनात है, जबकि दूसरा अधिकारी अभी पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (Pay and Accounts Office) में तैनात है और पहले फॉरेनर्स डिवीजन में कार्य कर चुका है।
शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये अधिकारी अवैध रूप से पैसे लेकर कुछ संगठनों के रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल में मदद करने के लिए उनके संपर्क में थे। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वह भ्रष्टाचार के प्रति 'ज़ीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाता है और इस मामले में उचित कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जा रही है। मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि FCRA से जुड़ी सभी सेवाएँ FCRA पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं और किसी भी FCRA सेवा में सहायता के लिए किसी बिचौलिए, एजेंट या व्यक्ति को अधिकृत नहीं किया गया है।
