उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके एकात्म मानवतावाद के दर्शन को याद किया।

उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उपराष्ट्रपति भवन में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक प्रखर विचारक और समाज सुधारक थे, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानवतावाद' के दर्शन का स्मरण किया, जिसका मुख्य उद्देश्य भारतीय चिंतन और परंपराओं पर आधारित एक सामंजस्यपूर्ण ढांचे में व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को स्थापित करना था।
उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने हमेशा अपने व्यक्तिगत हितों की तुलना में राष्ट्र और राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि रखा। उन्होंने उपाध्याय जी के सादगीपूर्ण जीवन, समर्पण और निस्वार्थ जनसेवा को याद किया।



