केंद्र सरकार ने नारायण देवासी और स्वरूप सिंह बंजारा को DWBDNC के शासी निकाय का सदस्य नियुक्त किया
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के विकास और कल्याण बोर्ड (DWBDNC) के शासी निकाय में दो नए सदस्यों की नियुक्ति की है।

केंद्र सरकार ने श्री नारायण देवासी और श्री स्वरूप सिंह बंजारा को विमुक्त (डी-नोटिफाइड), घुमंतू (नोमेड) और अर्ध-घुमंतू (सेमीनोमेड) समुदायों के लिए विकास और कल्याण बोर्ड (DWBDNC) के शासी निकाय का सदस्य नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग द्वारा की गई हैं।
इन नियुक्तियों के तहत सदस्यों का कार्यकाल उनके कार्यभार संभालने की तिथि से तीन साल या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, निर्धारित किया गया है।
नवनियुक्त सदस्य श्री स्वरूप सिंह बंजारा ने शासी निकाय के सदस्य के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। इस अवसर पर उन्होंने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के कल्याण और बेहतरी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे बोर्ड के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए पूरी लगन से कार्य करेंगे और इन समुदायों की आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं को पूरा करने में अपना योगदान देंगे।
बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इन नियुक्तियों से DWBDNC का शासी निकाय और अधिक मजबूत होगा। इससे संस्था को अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने और विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास, सशक्तिकरण और कल्याण के लिए नई पहल शुरू करने में सहायता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि DWBDNC मुख्य रूप से इन विशेष समुदायों के विकास से जुड़े मुद्दों को हल करने और उनके सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई विभिन्न पहलों को समर्थन प्रदान करने की दिशा में कार्य करता है।



