केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने स्कूली बच्चों के साथ मनाया सेवा दिवस, 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जलाया 'आशीर्वाद का दीया'
नई दिल्ली में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने स्कूली बच्चों के साथ संवाद किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन के केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने नई दिल्ली में 'सेवा संकल्प अभियान – आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ संवाद किया। इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के देश के लोगों के प्रति 25 वर्षों के निःस्वार्थ सेवा-कार्य को स्मरण करने के उद्देश्य से किया गया।
इस अभियान का मुख्य लक्ष्य समुदायों, विशेष रूप से युवा पीढ़ी में सेवा भाव (निःस्वार्थ सेवा) की भावना को प्रोत्साहित करना और वनों, वन्यजीवों, प्रकृति तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना था। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक, इको-क्लब के सदस्य, सरकारी अधिकारी और स्थानीय समुदाय के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा पर्यावरण पर आधारित गीत भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञान, आशा, सेवा और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की ज्योति को युवा पीढ़ी द्वारा आगे बढ़ाने के प्रतीक के रूप में दीयों के साथ एक विशाल रंगोली बनाई गई। केंद्रीय मंत्री ने पर्यावरण, वनों, वन्यजीवों और प्रकृति से संबंधित विषयों पर स्कूली बच्चों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस आयोजन में मेहरौली विधायक श्री गजेंद्र यादव, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव श्री तन्मय कुमार और वन महानिदेशक एवं मंत्रालय के विशेष सचिव श्री सुशील कुमार अवस्थी सहित मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



