तंजानिया में संपन्न हुई IPU की 153वीं सभा, भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने की प्रभावी भागीदारी
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने तंजानिया के अरूशा में आयोजित अंतर-संसदीय संघ की 153वीं सभा में हिस्सा लिया।

तंजानिया के अरूशा में 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित अंतर-संसदीय संघ (IPU) की 153वीं सभा का समापन हुआ। राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने इस सभा के पांचवें और अंतिम दिन अपनी भागीदारी जारी रखी।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और उपसभापति श्री हरिवंश आईपीयू की शासी परिषद की बैठक में शामिल हुए, जिसमें विशेष बैठकों की रिपोर्ट और अंतर-संसदीय संघ के अध्यक्ष के चुनाव जैसे महत्वपूर्ण एजेंडा मदों पर विचार किया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान, राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश, लोकसभा सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर और लोकसभा सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत ने भारत को आवंटित तीनों मतों का प्रयोग किया। गुप्त मतदान के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष श्री मिल्टन डिक को आईपीयू का नया अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणामों के बाद श्री हरिवंश और भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने श्री मिल्टन डिक को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने लोकसभा अध्यक्ष की ओर से श्री डिक को एक बधाई पत्र भी सौंपा।
शासी परिषद की बैठक के बाद सभा ने 'अरूशा विज्ञप्ति' और लोकतंत्र एवं मानवाधिकार संबंधी स्थायी समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को अपनाया। इन प्रस्तावों में दिव्यांगजनों के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए संसदीय रणनीतियों के साथ-साथ हिमालयी और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में जलवायु-संबंधी आपदाओं से निपटने के लिए तत्काल संसदीय कार्रवाई जैसे विषय शामिल थे।
सभा के समापन की घोषणा तंजानिया की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष और सभा के अध्यक्ष महामहिम श्री मुसा अज़ान ज़ुंगु ने की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल की इस सभा में भागीदारी प्रभावी रही और उसने आईपीयू के प्रस्तावों एवं परिणामों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।