नई दिल्ली में होगा ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का आयोजन, 9 देश लेंगे हिस्सा
संस्कृति मंत्रालय 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक 'साझी कहानियां, साझा भविष्य' थीम के साथ ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल का आयोजन करेगा।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत, संस्कृति मंत्रालय 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में 'ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026' का आयोजन करेगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव की थीम “शेयर्ड स्टोरीज़, शेयर्ड फ़्यूचर्स” (साझी कहानियां, साझा भविष्य) रखी गई है। इस आयोजन में ब्रिक्स के नौ सदस्य और साझेदार देशों के 100 से अधिक रंगमंच कर्मी, विद्वान, विद्यार्थी और सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक सहभागिता बताया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव अगस्त 2026 में आयोजित ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक के दौरान अपनाए गए 'भोपाल घोषणापत्र' पर आधारित है। इस घोषणापत्र में सांस्कृतिक सहयोग, जन-से-जन आदान-प्रदान और कलाकारों के बीच मजबूत नेटवर्क बनाने पर जोर दिया गया था। इस उद्देश्य को सुगम बनाने के लिए भारत ने एक स्वैच्छिक कलाकार रजिस्ट्री का प्रस्ताव भी रखा था।
महोत्सव में भारत, रूस, दक्षिण अफ्रीका, ईरान, इथियोपिया, कजाकिस्तान, वियतनाम, इंडोनेशिया और थाईलैंड भाग लेंगे। भारत की ओर से दो रंगमंच प्रस्तुतियां पेश की जाएंगी, जबकि रूस का प्रतिनिधित्व दो रंगमंच समूह करेंगे। अन्य प्रतिभागी देश अपनी विविध भाषाओं, नाट्य परंपराओं और समकालीन सृजनात्मक अभिव्यक्तियों का प्रदर्शन करेंगे।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन 12 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) में किया जाएगा। प्रस्तुतियां नई दिल्ली के विभिन्न प्रमुख स्थलों जैसे राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के अभिमंच और सम्मुख सभागार, कमानी सभागार, एलटीजी सभागार और मेघदूत थिएटर में आयोजित होंगी।
फेस्टिवल के दौरान रंगमंच के शास्त्रीय, समकालीन और प्रयोगात्मक रूपों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, निर्देशकों, कलाकारों और प्रोडक्शन टीमों के लिए संवादात्मक कार्यशालाएं और चर्चाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें अभिनय पद्धतियों, रंगमंचीय शिल्प और तकनीकी डिजाइन पर विचार साझा किए जाएंगे। संस्कृति मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्थान, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय इस महोत्सव के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगा।



