नशा मुक्ति युवा अभियान: 'युवा संवाद मेला' के साथ पहले महीने का समापन, 1.06 लाख से अधिक लोग हुए शामिल
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने 'मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव' विषय पर आधारित 100 सप्ताह के संकल्प अभियान के पहले महीने का समापन राष्ट्रव्यापी 'युवा संवाद मेला' के साथ किया।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने 'माय भारत' और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से 9 अक्टूबर, 2026 को राष्ट्रव्यापी 'युवा संवाद मेला' का आयोजन किया। यह आयोजन 'मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव' विषय पर आधारित 100 सप्ताह के संकल्प अभियान के पहले महीने के समापन का प्रतीक था। इस अभियान के तहत 200 चुनिंदा संस्थानों और उनके द्वारा गोद लिए गए गांवों में कुल 1,06,855 लोगों ने भाग लिया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं और समुदाय के सदस्यों को एक साथ लाकर मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना और एक स्वस्थ समाज को प्रोत्साहित करना था।
एनएसएस के 15 क्षेत्रीय निदेशालयों के माध्यम से लागू की गई इस पहल में 200 संस्थानों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे पूरी तरह हासिल कर लिया गया। आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान में 93,662 युवाओं ने हिस्सा लिया, जबकि गांवों और झुग्गी-बस्तियों में विशेष आउटरीच गतिविधियों के जरिए 13,193 अन्य नागरिकों तक पहुंच बनाई गई। इस अभियान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिसमें 48,269 महिला और 45,618 पुरुष प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
'युवा संवाद मेला' के तहत तीन प्रमुख गतिविधियां संचालित की गईं। पहले 'युवा संवाद' घटक के अंतर्गत 509 संवादात्मक संगोष्ठियों और खुले मंचों का आयोजन हुआ, जिसमें 36,086 युवाओं ने भाग लिया। इनमें नशे के मूल कारणों, साथियों के दबाव और रोकथाम की रणनीतियों पर चर्चा की गई। दूसरे चरण में एनएसएस स्वयंसेवकों ने 396 सूचना स्टॉल और कियोस्क स्थापित किए, ताकि नशे के शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों तथा उपलब्ध परामर्श सेवाओं की जानकारी दी जा सके। तीसरे चरण में 587 सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसे नुक्कड़ नाटक और संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से 24,944 लोगों तक नशामुक्त भारत का संदेश पहुंचाया गया।
डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए युवा एंबेसडरों ने #NashaMuktYuva हैशटैग के साथ 935 सोशल मीडिया पोस्ट साझा किए। अभियान के पहले महीने की सफलता के बाद अब दूसरे महीने में 'स्वस्थ युवा, नशामुक्त युवा' विषय पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अगले चरण का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक फिटनेस और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है, ताकि वे शारीरिक गतिविधि को नशे की रोकथाम के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में अपना सकें।


