पर्यटन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर भारत और इटली सहमत, तकनीकी समूह का होगा गठन
भारत और इटली ने दूसरी संयुक्त कार्य समूह की बैठक में फिल्म-पर्यटन, कौशल विकास और बी2बी सहभागिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने का निर्णय लिया है।

भारत और इटली ने पर्यटन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने पर अपनी सहमति व्यक्त की है। यह निर्णय 29 सितंबर 2026 को आयोजित दूसरी भारत-इटली संयुक्त कार्य समूह (JWG) की बैठक के दौरान लिया गया। इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सचिव श्री भुवनेश कुमार और इटली के पर्यटन मंत्रालय की महासचिव सुश्री इमानुएला ट्रिपी ने की।
बैठक के दौरान दोनों देशों ने पर्यटन संबंधी सहयोग को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। इसमें पर्यटन आंकड़ों का आदान-प्रदान, कम ज्ञात पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देना, फिल्म-पर्यटन, पर्यटन गंतव्यों का युग्मीकरण (twinning), कौशल विकास, क्षमता निर्माण और कारोबार-से-कारोबार (B2B) सहभागिता को बढ़ाने जैसे विषय शामिल थे।
सहयोग को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दोनों पक्ष चिन्हित क्षेत्रों में कार्य करने हेतु लक्षित तकनीकी समूह गठित करने और संपर्क बिंदु (contact points) नामित करने पर सहमत हुए हैं। इससे संबंधित हितधारकों के बीच निरंतर संवाद और सहभागिता को सुगम बनाया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त, बैठक में प्रस्तावित 'भारत-इटली संस्कृति एवं पर्यटन वर्ष 2027' के संदर्भ में पर्यटन सहयोग के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और पर्यटन आदान-प्रदान को और मजबूत करना है।
इस बैठक में भारतीय पक्ष की ओर से पर्यटन मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, रोम स्थित भारतीय दूतावास और भारतीय पर्यटन संचालक संघ (IATO) के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वहीं, इटली के प्रतिनिधिमंडल में पर्यटन मंत्रालय, विदेश मामलें एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय, नई दिल्ली स्थित इटली के दूतावास और ईएनआईटी (इतालवी राष्ट्रीय पर्यटन बोर्ड) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

