प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लता मंगेशकर की जयंती पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें याद करते हुए उनके संगीत और देश के प्रति योगदान की सराहना की।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लता मंगेशकर की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लता दीदी ने अपनी दिव्य गायन प्रतिभा के माध्यम से पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया।
प्रधानमंत्री ने उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अपनी मधुर आवाज से भारत की शोभा बढ़ाई, बल्कि देश की समृद्धि से जुड़े हर प्रयास को निरंतर प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय संगीत जगत में लता मंगेशकर का अतुलनीय योगदान आने वाली पीढ़ियों तक याद किया जाता रहेगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, "अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से विश्व में देश का नाम रोशन करने वालीं आदरणीया लता दीदी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने भारतवर्ष को न केवल अपने सुमधुर सुरों से सजाया-संवारा, बल्कि देश की समृद्धि से जुड़ी हर पहल को भी सदैव प्रोत्साहित किया। भारतीय संगीत जगत में उनका अप्रतिम योगदान युग-युगांतर तक स्मरणीय रहेगा।"

