प्रधानमंत्री मोदी कल 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 सितंबर, 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कल 19 सितंबर, 2026 को बीसवें रोजगार मेले का आयोजन करेंगे। दोपहर साढे बारह बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वे विभिन्न सरकारी संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नव चयनित उम्मीदवारों को संबोधित भी करेंगे।
यह रोजगार मेला देश भर में कुल 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। नियुक्त किए गए कर्मचारी भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों का हिस्सा बनेंगे, जिनमें रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रेल मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राजस्व विभाग और वित्तीय सेवा विभाग जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं।
सरकार के अनुसार, यह रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार सृजन और देश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। इस 20वें रोजगार मेले के आयोजन के साथ ही, अब तक रोजगार मेलों के माध्यम से विभिन्न सरकारी संगठनों और विभागों में लगभग 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।


