सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा की स्वच्छता के लिए शुरू करेगा 'विशेष अभियान 6.0'
मंत्रालय 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा की स्वच्छता, रखरखाव और प्रशासनिक दक्षता में सुधार के लिए विशेष अभियान 6.0 संचालित करेगा।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक 'विशेष अभियान 6.0' का संचालन करने जा रहा है। इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा की स्वच्छता और उनके रखरखाव की स्थिति में सुधार करना है। इसके साथ ही, मंत्रालय का लक्ष्य लंबित मामलों को कम करना, रिकॉर्ड प्रबंधन को मजबूत करना, ई-अपशिष्ट का जिम्मेदार निपटान सुनिश्चित करना और अपने प्रशासनिक नियंत्रण वाले संगठनों में कार्यालय स्थलों का अधिकतम उपयोग करना है।
यह अभियान दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण 'तैयारी चरण' है, जो 15 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान मुख्य अभियान के लिए लक्ष्यों की पहचान और तैयारी की जाएगी। मुख्य अभियान 2 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जिसमें स्वच्छता अभियान और पुरानी वस्तुओं के निपटान जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
विशेष अभियान 6.0 के तहत शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्गों से कचरा हटाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर शौचालयों का नवीनीकरण किया जाएगा और उनकी नियमित सफाई व रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा, टोल प्लाजा की रंगाई, बेहतर लाइटिंग, सौर ऊर्जा का उपयोग, सड़क संकेतों की स्थापना, सड़क चिह्नों की दृश्यता में सुधार और राजमार्गों को गड्ढामुक्त बनाने का कार्य भी किया जाएगा।
मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग के 50 किलोमीटर लंबे हिस्से और एक टोल प्लाजा की पहचान की है, जिस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यालय से अधिकारियों को इन चिन्हित हिस्सों के निरीक्षण और सुधार उपायों के प्रभाव का आकलन करने के लिए तैनात किया जाएगा। ये अधिकारी कमियों की पहचान कर उन्हें भौगोलिक रूप से चिह्नित करेंगे और सुधार कार्यों की निरंतर निगरानी करेंगे।
प्रभावी कार्यान्वयन के लिए मंत्रालय ने मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों, कार्यक्रम कार्यान्वयन इकाइयों और फील्ड कार्यालयों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण वाले संगठनों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। समग्र समन्वय के लिए संयुक्त सचिव (समन्वय) को नोडल अधिकारी मनोनीत किया गया है। अभियान की प्रगति की समीक्षा संयुक्त सचिव और मंत्रालय के सचिव द्वारा साप्ताहिक बैठकों के माध्यम से की जा रही है।
