सीसीआई ने ओएमईआरएस इंफ्रास्ट्रक्चर एशिया होल्डिंग्स द्वारा एज़्योर पावर ग्लोबल में अतिरिक्त शेयरधारिता अधिग्रहण को दी मंजूरी
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने ओएमईआरएस इंफ्रास्ट्रक्चर एशिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड को एज़्योर पावर ग्लोबल लिमिटेड में अतिरिक्त शेयर खरीदने की अनुमति दे दी है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने ओएमईआरएस इंफ्रास्ट्रक्चर एशिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एज़्योर पावर ग्लोबल लिमिटेड में कुछ अतिरिक्त शेयरधारिता के अधिग्रहण के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है।
इस प्रस्तावित संयोजन के तहत, ओएमईआरएस इंफ्रास्ट्रक्चर एशिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (अधिग्रहणकर्ता), सीडीपीक्यू इंफ्रास्ट्रक्चर्स एशिया प्राइवेट लिमिटेड से एज़्योर पावर ग्लोबल लिमिटेड (लक्षित कंपनी) में अतिरिक्त शेयरधारिता का अधिग्रहण करेगी।
जानकारी के अनुसार, अधिग्रहणकर्ता कंपनी ओएमईआर एडमिनिस्ट्रेशन कॉरपोरेशन (ओएसी) की एक निवेश इकाई है। ओएसी, ओंटारियो म्युनिसिपल एम्प्लॉइज रिटायरमेंट सिस्टम प्राइमरी पेंशन प्लान (ओएमईआरएस) के ट्रस्टी और प्रशासक के रूप में कार्य करता है। ओएमईआरएस कनाडा की सबसे बड़ी बहु-नियोक्ता परिभाषित-लाभ पेंशन योजनाओं में से एक है, जिससे 1,000 से अधिक नियोक्ता जुड़े हुए हैं।
लक्षित कंपनी, एज़्योर पावर ग्लोबल लिमिटेड, एज़्योर समूह की मूल कंपनी है। यह कंपनी भारत में नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना, उनके संचालन और सौर ऊर्जा की बिक्री के कार्यों में संलग्न है।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने सूचित किया है कि इस मामले से संबंधित विस्तृत आदेश बाद में जारी किया जाएगा।
