आंध्र प्रदेश को केंद्र की बड़ी सौगात: 3 लाख पक्के आवासों और देश की पहली 3D प्रिंटिंग हाउसिंग परियोजना का शुभारंभ
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गुंटूर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण 2.0) के तहत 3 लाख मकानों और 3D कंक्रीट प्रिंटिंग हाउसिंग प्रोजेक्ट की शुरुआत की।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के बुर्रीपालेम गांव में आयोजित एक समारोह में राज्य को 3,600 करोड़ रुपये की लागत से 3 लाख पक्के आवासों की सौगात दी। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने देश की पहली 3D कंक्रीट प्रिंटिंग तकनीक से बनने वाली 177 पायलट आवास परियोजना की आधारशिला रखी, जिसकी लागत 14 करोड़ रुपये है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मंत्रालय द्वारा निर्धारित 76,000 आवासों के कोटे के बजाय, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मांग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से राज्य को पहली किस्त में 3 लाख पक्के मकान दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद अगले 6 लाख आवास और स्वीकृत किए जाएंगे, ताकि राज्य के शत-प्रतिशत गरीबों को पक्का मकान मिल सके।
3D कंक्रीट प्रिंटिंग तकनीक के बारे में जानकारी देते हुए श्री चौहान ने कहा कि बुर्रीपालेम और ओबुलनायडुपालेम में शुरू होने वाली यह परियोजना समय, लागत और श्रम की बचत करेगी। इस उन्नत तकनीक से घर मात्र 6 महीने में तैयार हो जाएंगे, जो पारंपरिक मकानों की तुलना में अधिक मजबूत और टिकाऊ होंगे।
केंद्रीय मंत्री ने राज्य के अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र स्थायी राजधानी का दर्जा देते हुए 15,000 करोड़ रुपये की विशेष सहायता जारी की है। इसके साथ ही पोलावरम परियोजना को केंद्र सरकार की 100 प्रतिशत ग्रांट से पूरा किया जा रहा है और अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राज्य की कनेक्टिविटी को बढ़ाएगा।
किसानों और महिलाओं के सशक्तीकरण पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि की 6,000 रुपये की राशि में मुख्यमंत्री नायडू ने 'अन्नदाता सुखी भव' के तहत 14,000 रुपये और जोड़कर किसानों को सालाना 20,000 रुपये की मदद दी है। साथ ही, राज्य में लखपति दीदियों की संख्या 23 लाख से बढ़ाकर 60 लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। श्री चौहान ने यह भी घोषणा की कि 15 अक्टूबर को पहली बार दिल्ली से बाहर आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय 'सरस मेला' आयोजित होगा, जिसका शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने उनकी मांग पर 75,000 की जगह 3 लाख मकानों की स्वीकृति देकर आंध्र की जनता का दिल जीत लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र के सहयोग से आंध्र प्रदेश बुनियादी ढांचे, कृषि और आधुनिक तकनीक के मोर्चे पर देश का नंबर-1 राज्य बनेगा।


