एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख
वायुसेना उपप्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 को भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि वर्तमान में वायुसेना उपप्रमुख के पद पर कार्यरत एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम, वीएसएम, भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख (सीएएस) होंगे। वह 31 अक्टूबर 2026 को एयर चीफ मार्शल के पद का कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह इसी दिन यानी 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
9 दिसंबर 1966 को जन्मे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वायुसेना उपप्रमुख बनने से पहले उन्होंने मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ (HQ IDS) में चेयरमैन, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के लिए चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (CISC) और सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।
एयर मार्शल दीक्षित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। उनके पास मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करण, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस जैसे विभिन्न विमानों पर 3,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। वह एक योग्य उड़ान प्रशिक्षक और प्रायोगिक परीक्षण पायलट भी हैं।
अपने लगभग चार दशकों के सेवाकाल के दौरान, उन्होंने ऑपरेशन सटेड सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यासों और अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने पश्चिमी क्षेत्र में एक अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू वायुसेना स्टेशन और दक्षिणी क्षेत्र में एक प्रमुख लड़ाकू प्रशिक्षण स्टेशन की कमान भी संभाली है।
उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है।



