दूरसंचार विभाग में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान का आयोजन, विभिन्न गतिविधियों के जरिए स्वच्छता को बढ़ावा
दूरसंचार विभाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जन-जागरूकता और नागरिक भागीदारी को बढ़ाना है।

दूरसंचार विभाग में 17 सितंबर 2026 से 2 अक्टूबर 2026 तक 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष के अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है, जो स्वच्छता के प्रति “सम्पूर्ण समाज” और “सम्पूर्ण सरकार” के दृष्टिकोण को प्रदर्शित करती है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना और नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसमें विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, संबद्ध और अधीनस्थ कार्यालयों, क्षेत्रीय इकाइयों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है।
अभियान के दौरान दूरसंचार विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ संचालित की गईं:
1. स्वच्छता शपथ: विभाग के सचिव श्री अमित अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ स्वच्छता की शपथ ली और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
2. जनभागीदारी अभियान: 23 सितंबर 2026 को संचार भवन में कर्मचारियों के बच्चों के लिए निबंध लेखन और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, ताकि रचनात्मकता के माध्यम से स्वच्छता की भावना को विकसित किया जा सके।
3. अपशिष्ट प्रबंधन जागरूकता सत्र: सफाई कर्मचारियों के लिए एक विशेषज्ञ जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सेवानिवृत्त संयुक्त सलाहकार श्री जे.बी. रविंद्र ने प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन तकनीकों और व्यवहारिक उपायों की जानकारी साझा की।
4. सफाई मित्र सुरक्षा शिविर: हाउसकीपिंग कर्मचारियों को कार्यस्थल के व्यावसायिक खतरों और जोखिमों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें सुरक्षा उपकरण तथा प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराई गईं।
दूरसंचार विभाग के क्षेत्रीय कार्यालयों में भी वृक्षारोपण, जागरूकता सत्र और स्वच्छता शपथ जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इस अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 को 'स्वच्छ भारत दिवस' के अवसर पर होगा। इस विशेष अवसर पर माननीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के अंतर्गत पौधारोपण किया जाएगा।


