नशा मुक्त युवा अभियान: माई भारत ने देश भर में आयोजित की पदयात्रा, 1 लाख से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के 'माई भारत' ने देश के 150 से अधिक स्थानों पर नशा मुक्त युवा के लिए पदयात्रा का आयोजन किया, जिसमें भारी संख्या में युवाओं और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत 'माई भारत' और उसके सहयोगी संगठनों ने 4 अक्टूबर, 2026 को 'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा' अभियान के अंतर्गत एक राष्ट्रव्यापी पदयात्रा का आयोजन किया। इस पहल के तहत देश भर में 150 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें 1 लाख से अधिक युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस देशव्यापी पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं और समाज को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करना और एक स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं, नागरिकों, जन-प्रतिनिधियों और सहयोगी संगठनों को एकजुट कर एक नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया, जिनमें 3 से 5 किलोमीटर की वॉक, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन और हेरिटेज वॉक शामिल थे। इन गतिविधियों का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर समुदाय की भागीदारी के जरिए नशे के खतरों के बारे में जागरूकता फैलाना और युवाओं को स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा 'नशा मुक्त युवा शपथ' रही। इसके माध्यम से प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने और एक जागरूक व नशा-मुक्त समाज बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अभियान को व्यापक पहचान दिलाने के लिए कई गणमान्य हस्तियों और जन-प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें 2 उप-राज्यपाल, 1 कैबिनेट मंत्री, 8 सांसद और 8 विधायक शामिल थे।
'वॉक फॉर नशा मुक्त युवा' कार्यक्रम 'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा' अभियान का एक हिस्सा है। इस पूरे अभियान का लक्ष्य निरंतर जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से युवाओं और समाज को नशे की लत के खिलाफ एकजुट करना है, ताकि युवा एक स्वस्थ और सुदृढ़ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दे सकें।



