नारायण देवासी ने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के विकास एवं कल्याण बोर्ड के सदस्य के रूप में संभाला कार्यभार
श्री नारायण देवासी को विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के विकास एवं कल्याण बोर्ड के शासी निकाय का सदस्य नियुक्त किया गया है।

श्री नारायण देवासी ने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के विकास एवं कल्याण बोर्ड (DWBDNC) के शासी निकाय के सदस्य के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग द्वारा उनकी यह नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, की गई है।
कार्यभार संभालने के बाद श्री देवासी ने इस जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त किया और विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू (DNT) समुदायों के कल्याण और बेहतरी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि वे बोर्ड के निर्धारित उद्देश्यों को पूरा करने और इन समुदायों की आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं को पूरा करने में अपना योगदान देंगे।
विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के विकास एवं कल्याण बोर्ड (DWBDNC) को इन समुदायों के कल्याण और विकास से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने का दायित्व सौंपा गया है। यह बोर्ड इन समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास और सशक्तिकरण के लिए की जाने वाली विभिन्न पहलों का समर्थन करता है।
बोर्ड के शासी निकाय में श्री देवासी के शामिल होने से इस संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में मजबूती मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इससे पहले, श्री स्वरूप सिंह बंजारा ने इसी महीने की 17 तारीख को DWBDNC के शासी निकाय के सदस्य के रूप में कार्यभार संभाला था।


