प्रधानमंत्री और लोक सभा अध्यक्ष ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री श्री किरेन रिजिजू, राज्य सभा में विपक्ष के नेता श्री मल्लिकार्जुन खरगे और लोक सभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी सहित कई सांसद, पूर्व सदस्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। लोक सभा के महासचिव श्री उत्पल कुमार सिंह और राज्य सभा के महासचिव श्री पी.सी. मोदी ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस कार्यक्रम के दौरान 'Know Your Leader' पहल के तहत देशभर से आए 500 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों ने भी दोनों राष्ट्रीय नेताओं को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों और जनसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और कर्तव्य की प्रबल भावना को अपनाना चाहिए।
महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए श्री बिरला ने कहा कि उनके जीवन ने सत्य, नैतिकता, अहिंसा और सत्याग्रह की शक्ति को प्रदर्शित किया, जिसने न केवल भारत बल्कि दुनिया भर के स्वतंत्रता और न्याय आंदोलनों को प्रेरित किया। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्य भावना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने शास्त्री जी के नारे 'जय जवान, जय किसान' का स्मरण किया, जिसने राष्ट्रीय सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
श्री ओम बिरला ने युवाओं से आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत उपलब्धि से ऊपर उठकर देश के विकास और प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना करोड़ों भारतीयों के सामूहिक संकल्प और परिश्रम से पूरा होगा। इस कार्यक्रम में 36 चयनित युवा प्रतिभागियों ने दोनों नेताओं के जीवन और उनके वैश्विक प्रभाव पर अपने विचार साझा किए।
इससे पूर्व, लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने राजघाट और विजय घाट का दौरा कर क्रमशः महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की थी।


