प्रधानमंत्री मोदी ने नानाजी देशमुख की जयंती पर उन्हें दी श्रद्धांजलि, बताया उत्कृष्ट राष्ट्र-निर्माता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नानाजी देशमुख की जयंती पर उन्हें याद करते हुए ग्रामीण विकास और जमीनी स्तर पर बदलाव लाने में उनके योगदान की सराहना की।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नानाजी देशमुख की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने नानाजी देशमुख को एक उत्कृष्ट राष्ट्र-निर्माता के रूप में याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से यह सिद्ध किया कि किसी भी वास्तविक परिवर्तन की शुरुआत जमीनी स्तर से ही होती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नानाजी देशमुख का जीवन राजनीतिक संकल्प और रचनात्मक सामाजिक कार्यों का एक अनूठा संगम था। उन्होंने स्वयं को पूरी तरह से ग्रामीण विकास और सामुदायिक भागीदारी के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी श्रद्धांजलि साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का जो सपना नानाजी देशमुख ने देखा था, उसे साकार करने में देश कोई कसर नहीं छोड़ेगा।


