भारतीय नौसेना की क्षमता बढ़ाएगी अगली पीढ़ी की मिसाइल पोत, कोचीन शिपयार्ड में दूसरे जहाज की 'स्टील कटिंग' संपन्न
कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में भारतीय नौसेना के लिए दूसरी अगली पीढ़ी के मिसाइल पोत (NGMV) का स्टील कटिंग समारोह आयोजित किया गया।
कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल), कोच्चि में 17 सितंबर, 2026 को भारतीय नौसेना के लिए अगली पीढ़ी के मिसाइल पोत (NGMV) परियोजना के दूसरे जहाज का 'स्टील कटिंग' समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में युद्धपोत उत्पादन और अधिग्रहण के सहायक नियंत्रक रियर एडमिरल कपिल मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर भारतीय नौसेना और सीएसएल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
मिसाइल पोत NGMV के निर्माण के लिए मार्च, 2023 में कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ अनुबंध किया गया था। इन पोतों को अत्याधुनिक हथियारों और सेंसर से लैस करने की योजना है, जिससे भारतीय नौसेना की लड़ाकू क्षमताओं में वृद्धि होगी और वह 'भविष्य के लिए तैयार और लड़ाकू बल' के रूप में विकसित होगी।
इन जहाजों का निर्माण हिंद महासागर क्षेत्र के जटिल समुद्री वातावरण में संचालन करने के लिए एक मजबूत और आधुनिक नौसेना बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि इन पोतों के सभी प्रमुख भूमिका निर्धारित करने वाले उपकरण स्वदेशी रूप से विकसित और निर्मित किए गए हैं। यह पहल भारत सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत', 'मेक इन इंडिया' और 'मेक फॉर द वर्ल्ड' अभियानों के अनुरूप है।



