रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह 12 से 15 अक्टूबर तक साइप्रस और ग्रीस की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे
रक्षा सचिव अपनी इस यात्रा के दौरान साइप्रस और ग्रीस के साथ समुद्री सुरक्षा और रक्षा औद्योगिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे।

रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह 12 से 15 अक्टूबर, 2026 तक साइप्रस और ग्रीस की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के साथ होने वाली चर्चाओं में समुद्री सुरक्षा और रक्षा औद्योगिक सहयोग मुख्य विषय रहेंगे।
अपनी यात्रा के पहले चरण में, 12 और 13 अक्टूबर को रक्षा सचिव साइप्रस जाएंगे। वहां वे साइप्रस के रक्षा मंत्रालय में अपने समकक्षों और देश के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। मई 2026 में साइप्रस के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के बाद भारत और साइप्रस की रणनीतिक साझेदारी को गति मिली है। इस यात्रा से विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और विस्तारित करने की साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
यात्रा के दूसरे चरण में, श्री राजेश कुमार सिंह ग्रीस के वरिष्ठ रक्षा और सैन्य नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। इससे पूर्व, फरवरी 2026 में ग्रीस के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री ने भारत का दौरा किया था और रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के साथ चर्चा की थी। ये उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान रक्षा और रणनीतिक क्षेत्रों में भारत और ग्रीस के बीच बढ़ती साझेदारी को प्रदर्शित करते हैं।
यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत-यूरोपीय संघ की सुरक्षा और रक्षा साझेदारी पर हस्ताक्षर के बाद भारत अब यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के साथ अपने रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करना चाहता है।

