राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे में BNYS कोर्स 2026-27 के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता और महत्वपूर्ण तिथियां
आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (NIN), पुणे ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एन.वाई.एस. स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

आयुष मंत्रालय के अधीन संचालित राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (NIN) ने अपने पुणे स्थित प्रमुख परिसर 'निसर्गग्राम', येवलेवाड़ी में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान में स्नातक (BNYS) पाठ्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एनआईएन आयुष मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है, जो महात्मा गांधी के प्राकृतिक चिकित्सा दृष्टिकोण और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के माध्यम से प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग को बढ़ावा दे रहा है। यह संस्थान लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से संबद्ध है और बीएनवाईएस पाठ्यक्रम संचालित करने वाला भारत सरकार का पहला संस्थान है।
बी.एन.वाई.एस. एक साढ़े पांच वर्षीय (5½ वर्ष) पूर्णकालिक आवासीय पेशेवर पाठ्यक्रम है। इसमें साढ़े चार वर्ष का शैक्षणिक एवं नैदानिक प्रशिक्षण और एक वर्ष की अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप (CRRI) शामिल है। इस सत्र के लिए कुल 100 सीटें निर्धारित की गई हैं।
प्रवेश के लिए पात्रता मानदंड के अनुसार, अभ्यर्थी को मान्यता प्राप्त बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के साथ 10+2 या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और चिकित्सीय स्वस्थता की शर्तें पूरी करनी होंगी। नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। यदि सीटें रिक्त रहती हैं, तो आरक्षण मानदंडों के अनुसार 10+2 के विज्ञान विषयों में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
संस्थान का निसर्गग्राम परिसर 25 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें 250 बिस्तरों वाला प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल, अत्याधुनिक योग कक्ष, छात्रावास और अनुसंधान सुविधाएं उपलब्ध हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां: - ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 29 सितंबर 2026 - आवेदन की अंतिम तिथि: 19 अक्टूबर 2026 (शाम 5:00 बजे तक) - अनंतिम मेरिट सूची: 27 अक्टूबर 2026 - अंतिम मेरिट/प्रतीक्षा सूची: 30 अक्टूबर 2026 - काउंसलिंग: 12-13 नवंबर और 18-19 नवंबर 2026 - कक्षाएं प्रारंभ: 30 नवंबर 2026
इच्छुक अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर +91 7965220180, 9511693564 और ई-मेल admission@bnysnin.in उपलब्ध है।


