वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026: टीम इंडिया की 14 महिला प्रतियोगी विभिन्न तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्रों में दिखाएंगी दम
शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में 14 युवा भारतीय महिलाएं केमिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी से लेकर हॉस्पिटैलिटी तक विभिन्न स्किल्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

शंघाई में 22 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित हो रही 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारतीय महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देखी जा रही है। टीम इंडिया के 70 सदस्यों वाले दल में 14 युवा महिलाएं शामिल हैं, जो कुल 63 अलग-अलग स्किल्स में हिस्सा ले रहे भारतीय दल का हिस्सा हैं। इस दल में महिलाओं की भागीदारी पांचवें हिस्से से अधिक है।
महिला प्रतियोगी टेक्निकल, स्पेशलाइज्ड, क्रिएटिव और सर्विस-ओरिएंटेड स्किल्स के विविध क्षेत्रों में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इनमें केमिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स और फ्रेट फॉरवर्डिंग, विजुअल मर्चेंडाइजिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स, हेल्थ एंड सोशल केयर, होटल रिसेप्शन, रेस्तरां सर्विस, कुकिंग, पेंटिंग और डेकोरेटिंग, हेयरड्रेसिंग, ब्यूटी थेरेपी, बेकरी और पैटिसरी और कन्फेक्शनरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
वर्ल्डस्किल्स इंडिया की ऑफिशियल डेलीगेट और कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय की सीनियर इकोनॉमिक एडवाइजर सुश्री मनीषा सेनशर्मा ने कहा कि इन युवा महिलाओं की भागीदारी भारत के स्किलिंग क्षेत्र में एक उत्साहजनक बदलाव को दर्शाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कौशल का कोई लिंग नहीं होता और मंत्रालय का प्रयास है कि युवा महिलाओं को उनकी काबिलियत के आधार पर करियर चुनने के लिए उचित अवसर, ट्रेनिंग और आत्मविश्वास मिले।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं की सूची इस प्रकार है: केमिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में संपदा देसाई, लॉजिस्टिक्स और फ्रेट फॉरवर्डिंग में मेहरुन्निसा बेगम, विज़ुअल मर्चेंडाइजिंग में अनुजा अजय वारे, फैशन टेक्नोलॉजी में विधि नीरवकुमार सुथार, रिटेल सेल्स में सानिया जोशी, हेल्थ और सोशल केयर में विष्णुप्रिया सुनील, होटल रिसेप्शन में रशमीत कौर हंसपाल, रेस्टोरेंट सर्विस में झांसीरानी राउत, कुकिंग में तनुश्री मपेश, पेंटिंग और डेकोरेटिंग में मुस्कान, हेयरड्रेसिंग में जुई संतोष सपके, ब्यूटी थेरेपी में टी. साबिर सुतार, बेकरी में स्मृति नाम्बियार और पेस्ट्री और कन्फेक्शनरी में कृष्णंजलि साहू।
कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय वोकेशनल एजुकेशन, अप्रेंटिसशिप और इंडस्ट्री से जुड़ी ट्रेनिंग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है ताकि उनके लिए सतत आजीविका के नए रास्ते खुल सकें। टीम इंडिया की इन महिला प्रतिभागियों ने वैश्विक मानकों के अनुरूप अपनी तकनीकी क्षमताओं को निखारने के लिए गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया है।


