विदिशा को गरीबी मुक्त बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च किया 'समृद्ध विदिशा मॉडल'
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में 'समृद्ध विदिशा मॉडल' की शुरुआत की, जिसका लक्ष्य ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाकर जिले को गरीबी मुक्त बनाना है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के प्रवास के दौरान 'समृद्ध विदिशा मॉडल' का शुभारंभ किया। इस मॉडल का मुख्य उद्देश्य विदिशा जिले के हर गांव को गरीबी मुक्त बनाना और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करना है।
श्री चौहान ने बताया कि ग्रामीण समृद्धि के लिए यह आवश्यक है कि हर परिवार के पास आय के दो से तीन साधन हों। इस मॉडल के तहत छोटे किसानों को आधुनिक कृषि के साथ-साथ पशुपालन, जैसे गाय-भैंस, बकरी, मुर्गी और मधुमक्खी पालन से जोड़कर आजीविका के वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर अधिक संख्या में 'लखपति दीदी' बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसानों को एफपीओ (FPO) के माध्यम से सामूहिक बिक्री, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग से जोड़कर उनकी आय बढ़ाई जाएगी।
इस परियोजना के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्री चौहान ने कहा कि विदिशा जिले के 15 हजार युवाओं को आजीविका और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। आरसेटी (RSETI) के माध्यम से बेटियों और युवाओं को ब्यूटीशियन और सिलाई जैसे कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद उन्हें बैंक लोन उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा ताकि वे अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें।
विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए 'विदिशा डेवलपमेंट इंडेक्स' तैयार किया जाएगा और एक रियल टाइम डैशबोर्ड बनाया जाएगा। इसके तहत पानी, रोजगार, किसानों की आय, कौशल और मार्केटिंग जैसे मानकों के आधार पर हर छह माह में ग्राम पंचायत, जनपद और ब्लॉक स्तर पर समीक्षा की जाएगी। इस अभियान में भारत सरकार, राज्य सरकार, जिला प्रशासन, पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने आगामी 2 अक्टूबर की ग्राम सभाओं में गांवों को गरीबी मुक्त बनाने की कार्ययोजना के प्रस्ताव पारित करने के निर्देश दिए।
इस प्रवास के दौरान श्री चौहान ने बाढ़ वाले गणेश मंदिर में दर्शन-पूजन किया और वात्सल्य स्कूल में आयोजित गणेश उत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी।


