संसदीय कार्य मंत्रालय में 'हिंदी पखवाड़ा' संपन्न, ई-पत्रिका 'संसदीय सरिता' का हुआ विमोचन
संसदीय कार्य मंत्रालय में 14 से 30 सितंबर, 2026 तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं और ई-पत्रिका के विमोचन के माध्यम से हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा दिया गया।

संसदीय कार्य मंत्रालय में 14 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक 'हिंदी पखवाड़ा' का आयोजन अत्यंत उत्साह के साथ किया गया। इस आयोजन की शुरुआत 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री द्वारा जारी एक शुभकामना संदेश के साथ हुई।
पखवाड़े के दौरान मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें हिंदी टंकण, हिंदी श्रुतलेखन, हिंदी टिप्पण-आलेखन, हिंदी अनुवाद, निबंध और कविता लेखन के साथ-साथ गैर-हिंदी भाषियों के लिए विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शामिल थी। इन गतिविधियों में मंत्रालय के कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
30 सितंबर, 2026 को आयोजित समापन समारोह में संसदीय कार्य मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. सत्य प्रकाश ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रेरित किया कि वे केवल पखवाड़े के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष अपने अधिकतम कार्य हिंदी में निपटाने का प्रयास करें।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव श्री निकुंज बिहारी धल ने कहा कि सरकार की नीति केवल भाषा के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य हिंदी को शासन-प्रशासन, विज्ञान और आधुनिक तकनीक की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने सभी से सरल और सहज हिंदी का उपयोग करने का आह्वान किया ताकि भाषा अधिक प्रभावी और बोधगम्य हो सके।
कार्यक्रम के दौरान सचिव द्वारा मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की रचनात्मक रचनाओं से युक्त हिंदी ई-पत्रिका 'संसदीय सरिता' का विमोचन किया गया। इस ई-पत्रिका को मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। समापन समारोह में सचिव और अपर सचिव ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।


