सशक्त लोकतंत्र संवाद और सार्थक जनभागीदारी पर आधारित होता है: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गोवा विधानसभा भवन की रजत जयंती के अवसर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं में युवाओं की भागीदारी और प्रौद्योगिकी के उपयोग पर जोर दिया।

गोवा विधानसभा भवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह का उद्घाटन गोवा के राज्यपाल श्री पुसापति अशोक गजपति राजू ने किया। इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र संवाद, विविध विचारों और सार्थक जनभागीदारी पर आधारित होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विधानमंडल चर्चा, बहस और विचारों के आदान-प्रदान के मंच होते हैं, और लोकतंत्र तब अधिक मजबूत होता है जब विधायी प्रक्रिया में सहमति के साथ-साथ असहमति और विविध दृष्टिकोणों के लिए स्थान हो।
श्री बिरला ने वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता ने विश्व में देश की आवाज को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 'वसुधैव कुटुंबकम' के मूल्यों के साथ वैश्विक चुनौतियों के समाधान में योगदान दे रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत इस बात में है कि लोगों की आकांक्षाओं को नीतियों, कानूनों और प्रभावी शासन में कैसे बदला जाता है।
प्रौद्योगिकी के महत्व पर चर्चा करते हुए श्री बिरला ने कहा कि टेक्नोलॉजी के माध्यम से नागरिकों की विधायी प्रक्रियाओं की समझ बढ़ाई जा सकती है, जिससे पारदर्शिता और सुलभता आएगी। उन्होंने राज्य विधानमंडलों के बीच नवाचारों को अपनाने के लिए एक 'स्वस्थ प्रतिस्पर्धा' का आह्वान किया, ताकि वे एक-दूसरे की सर्वोत्तम प्रथाओं (best practices) से सीख सकें। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं में युवाओं की भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार में अग्रणी युवाओं के इनपुट से बेहतर कानूनों का निर्माण संभव होगा।
गोवा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य ने अपनी प्राकृतिक विरासत और पर्यावरण के संरक्षण के साथ आर्थिक विकास का सार्थक संतुलन बनाया है। उन्होंने गोवा विधानसभा से आग्रह किया कि वह नागरिकों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी के साथ 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण के अनुरूप अगले 25 वर्षों का एक दूरदर्शी रोडमैप तैयार करे।
समारोह के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने गोवा विधानसभा और सचिवालय भवन का 'कस्टमाइज्ड माई स्टैम्प एंड स्पेशल कवर विद स्पेशल कैंसिलेशन' जारी किया और प्रख्यात हस्तियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. गणेश गांवकर, विधायी कार्य मंत्री श्री मौविन गोडिन्हो और नेता प्रतिपक्ष श्री यूरी अलेमाओ सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
