पीएम मोदी के वैश्विक शांति प्रयासों की पुतिन ने की सराहना, अमित शाह ने बताया गर्व का क्षण
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शांति प्रयासों की प्रशंसा को हर भारतीय के लिए गौरवपूर्ण बताया है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने रूस के राष्ट्रपति श्री व्लादिमीर पुतिन द्वारा वैश्विक शांति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना किए जाने को हर भारतीय के लिए एक गौरवान्वित करने वाला क्षण बताया है।
X प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के माध्यम से श्री अमित शाह ने कहा कि यह बयान महात्मा गांधी जी की जयंती के दिन आया है, जिन्होंने पूरी दुनिया को शांति और अहिंसा का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक शांति की सबसे भरोसेमंद आवाज बन चुका है।
गृह मंत्री ने आगे कहा कि युद्ध, तनाव और अस्थिरता के वर्तमान दौर में प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे विश्व को यह संदेश दिया है कि किसी भी समस्या का समाधान युद्धभूमि पर नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति के माध्यम से निकलता है। उन्होंने उल्लेख किया कि वैश्विक संघर्ष हो या कोई आपदा, भारत हर बार मदद के लिए सबसे पहले आगे आया है।
श्री अमित शाह के अनुसार, इसी कारण से 'वसुधैव कुटुंबकम्' की भारतीय परंपरा को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के किसी भी संकट पर भारत का मंतव्य महत्वपूर्ण माना जाता है और पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी की बातों को ध्यान से सुनती है।
