सेमिकॉन इंडिया 2026: भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के लिए 25 प्रमुख घोषणाएं और समझौते हुए
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम वैश्विक निवेश का केंद्र बन रहा है। सेमिकॉन इंडिया 2026 के दूसरे दिन निर्माण, चिप डिजाइन और सप्लाई चेन सहित विभिन्न क्षेत्रों में 25 महत्वपूर्ण समझौते किए गए।

नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित 'सेमिकॉन इंडिया 2026' के दूसरे दिन भारत के सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन को मजबूत करने के लिए 25 प्रमुख घोषणाएं और रणनीतिक समझौते किए गए। इन समझौतों में सेमीकंडक्टर निर्माण, सामग्री, लॉजिस्टिक्स, चिप डिजाइन, एडवांस्ड पैकेजिंग, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और कार्यबल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इस अवसर पर कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम वैश्विक भागीदारी और निवेश के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि उद्योग जगत के दिग्गजों ने अपनी परियोजनाओं की क्षमता के अनुसार निवेश बढ़ाने की इच्छा जताई है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, बेल्जियम, नीदरलैंड और स्वीडन जैसे देशों की भागीदारी भारत में इस क्षेत्र के विस्तार के प्रति वैश्विक रुचि को दर्शाती है।
सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) और निप्पॉन एक्सप्रेस होल्डिंग्स के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) किया गया, जिसके तहत लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कस्टम्स में विशेषज्ञता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, टिकाऊ तकनीक पर जोर देते हुए मंत्री ने सेमीकंडक्टर फैब में पानी के पुनर्चक्रण (वॉटर रीसाइक्लिंग) और डेटा सेंटर में क्लोज्ड-लूप कूलिंग सिस्टम के महत्व को बताया।
इस आयोजन के दौरान भारत के पहले स्वदेशी System-on-Module (SoM), “ISC-VEGA-SOM” का शुभारंभ किया गया। इसे C-DAC की Industry Support Centre पहल के तहत विकसित किया गया है, जिसमें C-DAC के VEGA Thejas32 प्रोसेसर को IndieSemiC के LoRa RF मॉड्यूल के साथ जोड़ा गया है।
महत्वपूर्ण साझेदारियों में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने आइनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स, सुमितोमो केमिकल, केलिंग्टन इंजीनियरिंग और एनोमोटोको कंपनी के साथ स्थानीय सप्लाई चेन और पैकेजिंग क्षमताओं को बढ़ाने के लिए सहयोग किया है। साथ ही, एलएंडटी सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज ने वर्चुअल फारेस्ट, नेवेन सिस्टम्स, फ़ाइमर इंडिया और कैपिटल पॉवर सिस्टम्स के साथ पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और AI डेटा सेंटर समाधानों के विकास के लिए हाथ मिलाया है।
कौशल विकास के क्षेत्र में SEMI और इंडिया डीप टेक अलायन्स (IDTA) ने मिलकर 'इंडिया सेमीकंडक्टर एकेडमी' (ISA) विकसित करने का निर्णय लिया है। साथ ही, NIELIT ने सीमेंस ईडीए, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, सिंगापुर पॉलिटेक्निक इंटरनेशनल और सेमी यूनिवर्सिटी के साथ प्रशिक्षण और डिजाइन शिक्षा को मजबूत करने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
सेमिकॉन इंडिया 2026 में 600 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं और 52 देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रदर्शनी में विभिन्न देशों और राज्यों के पवेलियन के साथ-साथ स्टार्टअप और इनोवेशन शोकेस भी लगाए गए हैं।



