CCI ने क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड द्वारा एफएमसी इंडिया के पूर्ण अधिग्रहण को दी मंजूरी
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड को एफएमसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की शत-प्रतिशत शेयरधारिता के अधिग्रहण की अनुमति दे दी है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड द्वारा एफएमसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की शत-प्रतिशत शेयरधारिता के अधिग्रहण के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है।
इस प्रस्तावित संयोजन के तहत, क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड (क्रिस्टल क्रॉप), एफएमसी नीदरलैंड्स होल्डिंग्स II बीवी और उसके सहयोगियों से एफएमसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एफएमसी इंडिया) की शत-प्रतिशत शेयरधारिता का पूर्णतः डाइल्यूटेड आधार पर अधिग्रहण करेगी।
क्रिस्टल क्रॉप भारत में वर्ष 1994 में निगमित एक सार्वजनिक लिमिटेड कंपनी है। यह कंपनी बीजों, कृषि उपकरणों और फसल सुरक्षा उत्पादों के विकास, विनिर्माण और वितरण का कार्य करती है। इसके फसल सुरक्षा उत्पादों की श्रेणियों में कीटनाशक, खरपतवारनाशक, कवकनाशी, बीज उपचार और पौध स्वास्थ्य एवं पोषण शामिल हैं।
वहीं, एफएमसी इंडिया वर्ष 2000 में भारत के कानूनों के तहत निगमित एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। यह एक कृषि रसायन कंपनी है जो फसल सुरक्षा उत्पादों, जिनमें फफूंदनाशक, कीटनाशक, खरपतवारनाशक, बीज उपचार और पौध स्वास्थ्य एवं पोषण उत्पाद शामिल हैं, के विनिर्माण और विपणन के व्यवसाय में सक्रिय है। एफएमसी इंडिया, एफएमसी कॉर्पोरेशन समूह का हिस्सा है। एफएमसी कॉर्पोरेशन अपनी सहायक और सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से फसल सुरक्षा उत्पादों के विकास, विनिर्माण, विपणन और बिक्री का कार्य करता है।

