CCI ने राजस्थान रॉयल्स सहित तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण को दी मंजूरी
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने वेस्टव्यू क्रिकेट लिमिटेड और पूनावाला स्पोर्ट्स एंड फिटनेस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तीन पेशेवर क्रिकेट फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण को स्वीकृति दे दी है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने वेस्टव्यू क्रिकेट लिमिटेड और पूनावाला स्पोर्ट्स एंड फिटनेस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तीन पेशेवर क्रिकेट फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन फ्रेंचाइजी में भारत की राजस्थान रॉयल्स, दक्षिण अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और बारबाडोस की बारबाडोस रॉयल्स शामिल हैं।
प्रस्तावित संयोजन के तहत, यूनाइटेड किंगडम में पंजीकृत वेस्टव्यू क्रिकेट लिमिटेड और भारत में निगमित पूनावाला स्पोर्ट्स एंड फिटनेस प्राइवेट लिमिटेड इन तीनों पेशेवर क्रिकेट फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण करेंगे। पूनावाला स्पोर्ट्स एंड फिटनेस प्राइवेट लिमिटेड का पूर्ण स्वामित्व श्री अदार साइरस पूनावाला के पास है।
इस प्रक्रिया में ईएम स्पोर्टिंग होल्डिंग्स लिमिटेड (ईएमएसएच) की भूमिका महत्वपूर्ण है, जो मॉरीशस में पंजीकृत एक निजी कंपनी है। ईएमएसएच, रॉयल मल्टीस्पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (आरएमपीएल), पार्ल रॉयल्स लिमिटेड और बारबाडोस रॉयल्स लिमिटेड की होल्डिंग कंपनी है। गौरतलब है कि आरएमपीएल राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी का स्वामित्व और संचालन करती है, जो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेती है।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने सूचित किया है कि इस मामले से संबंधित विस्तृत आदेश बाद में जारी किया जाएगा।
