अमित शाह 22 सितंबर को नई दिल्ली में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली में ANTF प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और लखनऊ व देहरादून में NCB के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखेंगे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले टेलीविजन कमर्शियल (TVC) का विमोचन करेंगे और लखनऊ तथा देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखेंगे।
NCB द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के साथ-साथ संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले ANTF को सम्मानित किया जाएगा और गृह मंत्री द्वारा नए स्वरूप में तैयार NCB की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया जाएगा।
“समूहिक संकल्प, साझा दायित्व” थीम पर आधारित यह सम्मेलन नारकोटिक्स नियंत्रण के लिए जारी विज़न डॉक्यूमेंट (2026-29) के लक्ष्यों की प्रगति और मादक पदार्थों की तस्करी व दुरुपयोग से निपटने के प्रयासों पर केंद्रित होगा। सम्मेलन के दौरान सप्लाई रिडक्शन, डिमांड रिडक्शन और हार्म रिडक्शन से संबंधित रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विजन डॉक्यूमेंट के चार मुख्य रणनीतिक स्तंभों—प्रवर्तन, आसूचना एवं ऑपरेशंस; प्रीकर्सर एवं सिंथेटिक ड्रग्स नियंत्रण; डिमांड और हार्म रिडक्शन; तथा क्षमता निर्माण एवं समन्वय—के आधार पर आठ तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में ड्रग कार्टेल्स को तोड़ना, सिंथेटिक ड्रग्स, गुप्त प्रयोगशालाएं, ड्रग्स की अवैध खेती, डार्कनेट और क्रिप्टो जांच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
भारत सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश के युवाओं को नशे से बचाने के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है, जिसके लिए नशामुक्त भारत का संकल्प आवश्यक है। यह सम्मेलन 'Whole of Government Approach' के तहत ड्रग्स तस्करी से निपटने और NCB व राज्यों के ANTF के बीच साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

