अमित शाह ने कोल्लम में मां अमृतानंदमयी के 73वें जन्मदिन समारोह में की शिरकत, निस्वार्थ सेवा की सराहना की
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने केरल के कोल्लम में मां अमृतानंदमयी के जन्मदिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और उनके वैश्विक सेवा कार्यों की प्रशंसा की।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह आज केरल के कोल्लम में मां अमृतानंदमयी जी के 73वें जन्मदिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित 'विश्व सेवा दिनम' के दौरान उन्होंने मां अमृतानंदमयी द्वारा पिछले पांच दशकों से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में श्री अमित शाह ने कहा कि मां अमृतानंदमयी ने पीड़ित लोगों के आंसू पोंछने को अपनी साधना और धर्म बनाया है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं समाज को संभालती हैं, लेकिन संवेदना समाज को जोड़ने का काम करती है और अम्मा संवेदना की प्रतिमूर्ति हैं। गृह मंत्री ने बताया कि 27 सितंबर, 1953 को कोल्लम जिले के परायकडवु गांव के एक अभावग्रस्त परिवार में जन्मीं अम्मा ने करोड़ों लोगों के जीवन से दुख और अवसाद दूर कर उन्हें मुक्ति का मार्ग दिखाया है।
श्री अमित शाह ने अम्मा के जीवन को भाव, कर्म और करुणा के तीन हिस्सों में विभाजित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवा भाव को संस्थागत रूप देकर उसे एक वैश्विक अभियान में बदल दिया है। उन्होंने उल्लेख किया कि 2001 के गुजरात भूकंप के दौरान अम्मा ने 1200 घर बनाकर एक पूरा गांव बसाया, जिसे आज 'अम्मा का गांव' कहा जाता है। इस गांव में टाउनहॉल, अस्पताल और शिक्षा केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
गृह मंत्री ने अम्मा के अन्य सेवा कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि देश भर में 86 अमृता विद्यालय संचालित हैं। साथ ही, उन्होंने 10 लाख से अधिक वृक्षारोपण किए हैं और 101 गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात भूकंप, सुनामी, उत्तराखंड आपदा, वायनाड भूस्खलन और कोविड महामारी जैसे संकटों के समय अम्मा और उनके अनुयायियों ने सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।
श्री शाह ने यह भी जानकारी दी कि मां अमृतानंदमयी ने संयुक्त राष्ट्र के मिलेनियम विश्व शांति सम्मेलन और विश्व धर्म संसद जैसे मंचों पर हिंदुत्व और सेवा का संदेश पहुंचाया है। जब भारत ने G-20 की अध्यक्षता की, तब उन्होंने सिविल-20 (C-20) की अध्यक्षता की थी। इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशामुक्त भारत' अभियान को भी अपना आशीर्वाद दिया है।
