केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत मांगने वाला विपणन अधिकारी निलंबित
केंद्रीय कृषि मंत्री ने सब्सिडी जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार, विपणन अधिकारी ने सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान दो वेयरहाउस से सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत में बताया गया कि भैरुंदा तहसील के शिवाय वेयरहाउस से 1 लाख रुपये और रेहटी क्षेत्र के ग्राम बेहराखेड़ी स्थित श्री कृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
जब यह मामला केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संज्ञान में आया, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप अधिकारी को निलंबित कर दिया गया।
कृषि मंत्रालय ने इस कार्रवाई के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि किसानों और वेयरहाउस संचालकों से जुड़ी सरकारी प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या रिश्वतखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

