जापान के नागोया में खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 'संडेज़ ऑन साइकिल' के जरिए भारतीय एथलीटों का बढ़ाया मनोबल
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नागोया में प्रवासी भारतीयों के साथ 'संडेज़ ऑन साइकिल' कार्यक्रम का नेतृत्व कर एशियाई खेल 2026 में भाग ले रहे भारतीय दल का समर्थन किया।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार, 20 सितंबर, 2026 को जापान के नागोया स्थित मेइजो पार्क में ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ के 91वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एशियाई खेल 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को प्रवासी भारतीय समुदाय के माध्यम से समर्थन और प्रोत्साहन देना था।
डॉ. मांडविया ने कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों से संवाद किया और एशियाई खेलों में टीम इंडिया का समर्थन करने के लिए एकजुट हुए भारतीय समुदाय के उत्साह की सराहना की। उन्होंने बताया कि जापान के नागोया में एशियाई खेलों का शुभारंभ हो चुका है, जिसमें भारत की ओर से 500 से अधिक युवा एथलीटों का दल भाग ले रहा है। मंत्री ने कहा कि हमारा दल अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और नागोया में रहने वाले प्रवासी भारतीय समुदाय हमारे एथलीटों का मनोबल बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
यह पहल फिट इंडिया मूवमेंट के तहत स्वस्थ जीवन शैली और फिटनेस के संदेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ खेलों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों के साथ आपसी संपर्क को मजबूत करने के भारत सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। डॉ. मांडविया वर्तमान में एशियाई खेल 2026 के लिए नागोया में हैं, जहां वे भारतीय एथलीटों, अधिकारियों और प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि फिट इंडिया 'संडेज़ ऑन साइकिल' का आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत के सहयोग से किया जाता है। यह साइकिलिंग अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, प्रशिक्षण केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों में आयोजित होता है। इसके अतिरिक्त, देशभर में 6000 से अधिक नमो फिट इंडिया क्लब भी हर सप्ताह साइकिल चलाने की इस पहल को आयोजित करते हैं।

