लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व अध्यक्ष जी.एम.सी. बालयोगी की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्री जी.एम.सी. बालयोगी की जयंती के अवसर पर संविधान सदन में उन्हें श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्री जी.एम.सी. बालयोगी की जयंती के अवसर पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश, संसद सदस्य, पूर्व सांसद और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी श्री बालयोगी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि देने वालों में लोकसभा के महासचिव श्री उत्पल कुमार सिंह और राज्यसभा के महासचिव श्री पी.सी. मोदी भी शामिल रहे, जिन्होंने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में पुष्पांजलि अर्पित की।
श्री जी.एम.सी. बालयोगी बारहवीं लोकसभा के अध्यक्ष थे और वे तेरहवीं लोकसभा में भी पुनः लोकसभा अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। श्री ओम बिरला ने उन्हें संसदीय गरिमा, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की एक प्रेरक विरासत बताया।
संविधान सदन की बाहरी लॉबी में स्थापित श्री बालयोगी का चित्र श्री हिम चटर्जी द्वारा बनाया गया था। इस चित्र का अनावरण तत्कालीन राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने 10 फरवरी, 2014 को किया था।