प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 अक्टूबर को संघ लोक सेवा आयोग के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में यूपीएससी के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह में भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 1 अक्टूबर, 2026 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह में शिरकत करेंगे। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित सभा को संबोधित भी करेंगे।
यह आयोजन उन साल भर चलने वाले कार्यक्रमों का समापन होगा, जिनकी शुरुआत पिछले साल 1 अक्टूबर से हुई थी। ये समारोह 1926 में यूपीएससी की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री यूपीएससी शताब्दी स्मारक सिक्का, एक स्मारक डाक टिकट और 'भारत में यूपीएससी और लोक सेवा आयोगों की नीतियों को आकार देने वाले - 100 ऐतिहासिक निर्णय' शीर्षक वाली पुस्तक का विमोचन करेंगे।
इस कार्यक्रम में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, यूपीएससी अधिकारी और देश भर के अन्य संबंधित हितधारक शामिल होंगे।
यह मुख्य कार्यक्रम यूपीएससी द्वारा 30 सितंबर और 1 अक्टूबर, 2026 को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है। इस आयोजन के पहले दिन भारत मंडपम में 'शताब्दी समारोह - मंथन' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रख्यात वक्ताओं के संबोधन और विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चाएं शामिल होंगी।

