माय भारत पोर्टल पर शुरू हुआ 'PRR' तंत्र, सक्रिय युवाओं को मिलेंगे पुरस्कार और नेतृत्व के अवसर
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए माय भारत पोर्टल पर अंक, पुरस्कार और मान्यता (PRR) तंत्र लागू किया है।

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने 'मेरा युवा भारत' (माय भारत) पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षा और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के लिए एक 'अंक, पुरस्कार और मान्यता' (PRR) तंत्र कार्यान्वित किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी को पहचान, अवसर और नेतृत्व में बदलना है।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस पहल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की ताकत है और मोदी सरकार इस तंत्र के जरिए युवाओं को सशक्त बना रही है।
इस PRR तंत्र के तहत युवाओं को उनकी सक्रियता के आधार पर अंक दिए जाएंगे, जिन्हें विभिन्न स्तरों पर पुरस्कारों में बदला जाएगा:
- 1,000 अंक: माय भारत प्रभाग के निदेशक द्वारा हस्ताक्षरित औपचारिक मान्यता पत्र। - 2,500 अंक: सहमति के आधार पर आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सम्मान। - 5,000 अंक: विशेष 'माय भारत डिजिटल हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया जाएगा, जहाँ नाम, फोटो और प्रोफाइल प्रदर्शित होगी। - 7,500 अंक: 'मोदी@20' नामक हार्डकवर पुस्तक। - 10,000 अंक: युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री द्वारा हस्ताक्षरित विलियम डेलरिम्पल की पुस्तक 'द गोल्डन रोड: हाउ एन्शिएंट इंडिया ट्रांसफॉर्म्ड द वर्ल्ड' की प्रति। - 20,000 अंक: केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री द्वारा हस्ताक्षरित डीके की पुस्तक 'ट्रेजर्स ऑफ इंडिया: फ्रॉम एंटीक्विटी टू मॉडर्निटी' की प्रति।
उच्च उपलब्धियों पर युवाओं को वरिष्ठ नेतृत्व के साथ संवाद का मौका मिलेगा। 50,000 अंक प्राप्त करने वाले युवाओं को विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (VBYLD) या अन्य प्रमुख कार्यक्रमों के दौरान राज्य मंत्री से मिलने का अवसर मिलेगा। वहीं, 1,00,000 अंकों का उच्चतम लक्ष्य प्राप्त करने वाले युवा केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री से मिल सकेंगे। इन दोनों श्रेणियों के विजेताओं के अभिनंदन समारोह का शुभारंभ अक्टूबर 2027 से प्रस्तावित है।
पात्र युवाओं की पहचान माय भारत पोर्टल के माध्यम से की जाएगी और उनके विवरण का सत्यापन माय भारत मुख्यालय द्वारा किया जाएगा। यह पहल "समर्थ युवा, विकसित भारत" की सोच को मजबूत करते हुए युवाओं में सेवा और नेतृत्व की संस्कृति विकसित करने का प्रयास है।



