रक्षा मंत्रालय ने T-72 और T-90 टैंकों के लिए 586 करोड़ रुपये के अनुबंध पर किए हस्ताक्षर
रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना के टैंकों के लिए स्वदेशी सहायक विद्युत इकाइयों (APU) की खरीद हेतु एक्यूरेट इंडस्ट्रियल कंट्रोल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है।

रक्षा मंत्रालय ने T-72 और T-90 टैंकों के लिए सहायक विद्युत इकाइयों (Auxiliary Power Units - APU) की खरीद के लिए एक्यूरेट इंडस्ट्रियल कंट्रोल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ 586 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। यह अनुबंध 21 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
सहायक विद्युत इकाई (APU) टैंक के फायर कंट्रोल सिस्टम, फायरिंग सर्किट, गन स्टेबिलाइजेशन सिस्टम और अन्य सहायक उपकरणों के लिए विद्युत शक्ति उत्पादन का एक वैकल्पिक स्रोत के रूप में कार्य करती है। स्वदेशी रूप से विकसित एपीयू के उपयोग से भारतीय सेना की मशीनीकृत इकाइयों की विश्वसनीयता, स्थायित्व और संचालन तत्परता में वृद्धि होगी।
यह खरीद बख्तरबंद प्लेटफार्मों की महत्वपूर्ण उप-प्रणालियों के स्वदेशीकरण की दिशा में एक अहम कदम है, जो उद्योग के नेतृत्व में किए गए अनुसंधान और विकास (मेक-II) को प्रदर्शित करता है। यह प्रक्रिया स्वदेशी नवाचार को वास्तविक उत्पादन और कार्यान्वयन में बदलने की प्रभावशीलता को भी दर्शाती है।
यह अनुबंध भारत सरकार के 'विकसित भारत @2047' के विजन के अनुरूप है। इसका उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करना और एक मजबूत तथा विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारतीय रक्षा उद्योग का निर्माण करना है।


