वडोदरा के अलकापुरी में बनेगा नया रोड ओवर ब्रिज, भारतीय रेल ने दी 166.5 करोड़ रुपये की मंजूरी
भारतीय रेल ने वडोदरा मंडल के अलकापुरी क्षेत्र में यातायात की समस्याओं को दूर करने के लिए 166.5 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन वाले रोड ओवर ब्रिज के निर्माण को मंजूरी दी है।

भारतीय रेल ने पश्चिम रेलवे के वडोदरा डिवीजन (मंडल) के अलकापुरी में एक चार लेन वाले रोड ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 166.5 करोड़ रुपये है। यह परियोजना भारतीय रेल और राज्य सरकार के बीच लागत साझाकरण के आधार पर कार्यान्वित की जाएगी, जिसमें दोनों पक्ष बराबर-बराबर व्यय वहन करेंगे। परियोजना के तहत भारतीय रेल लगभग 83.2769 करोड़ रुपये और राज्य सरकार लगभग 83.2769 करोड़ रुपये का योगदान देगी।
वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित वर्तमान अलकापुरी रोड अंडरब्रिज, शहर के अलकापुरी और कालाघोड़ा क्षेत्रों के बीच पूर्व-पश्चिम दिशा में एक महत्वपूर्ण सड़क संपर्क है। वर्तमान में इस अंडरब्रिज की ऊंचाई केवल लगभग 3 मीटर है, जिसके कारण बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहता है। साथ ही, मानसून के दौरान यहाँ बार-बार जलभराव की समस्या होती है, जिससे यातायात जाम और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
प्रस्तावित चार लेन वाली ग्रेड-सेपरेटेड सड़क सुविधा मौजूदा क्रॉसिंग व्यवस्था की क्षमता को बढ़ाएगी। यह ब्रिज रेल संचालन को बाधित किए बिना एक प्रभावी क्रॉसिंग सुविधा प्रदान करेगा। इसके निर्माण से वडोदरा रेलवे स्टेशन, गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम बस स्टेशन और आगामी हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) स्टेशन के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
यातायात आकलन के अनुसार, व्यस्त समय में इस क्षेत्र में प्रति घंटे 1,600 पीसीयू (पैसेंजर कार यूनिट) से अधिक यातायात होता है। इसके अलावा, यहाँ कई यातायात टकराव बिंदु और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाओं की कमी है। मौजूदा रोड अंडरब्रिज क्षेत्र की वर्तमान और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम नहीं है, जिसे यह नया रोड ओवर ब्रिज दूर करेगा।
