वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026: एनआईएफटी के छात्रों ने जीते दो रजत और एक उत्कृष्टता पदक
शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में एनआईएफटी के छात्रों ने डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स और फैशन टेक्नोलॉजी में पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईएफटी) के छात्रों और विशेषज्ञों ने चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। 23 से 26 सितंबर 2026 तक चली इस वैश्विक प्रतियोगिता में एनआईएफटी के प्रतिभागियों ने दो रजत पदक और एक उत्कृष्टता पदक जीता।
इस प्रतियोगिता में एनआईएफटी ने चार प्रमुख कौशल क्षेत्रों—डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स (खुदरा बिक्री), फैशन टेक्नोलॉजी और विजुअल मर्चेंडाइजिंग में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उपलब्धियों के विवरण के अनुसार, एनआईएफटी मुंबई के श्री कोविड अजय गंगराडे ने डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिज़ाइन में और एनआईएफटी पंचकुला की सुश्री सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स में रजत पदक जीता। वहीं, एनआईएफटी गांधीनगर की सुश्री विधि नीरवकुमार सुथार ने फैशन टेक्नोलॉजी श्रेणी में उत्कृष्टता पदक (Medal for Excellence) प्राप्त किया।
सुश्री विधि ने इस उपलब्धि के लिए एनआईएफटी नई दिल्ली में भारतीय विशेषज्ञ प्रोफेसर (डॉ.) मोनिका गुप्ता और प्रशिक्षण दल के मार्गदर्शन में चार महीने का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी दक्षता, अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन और प्रतियोगिता की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना था। इसके अतिरिक्त, एनआईएफटी बेंगलुरु की सुश्री अनुजा अजय वारे ने विजुअल मर्चेंडाइजिंग कौशल में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में लगभग 68 देशों और क्षेत्रों के 1,400 से अधिक युवा प्रतियोगियों ने 64 श्रेणियों में हिस्सा लिया। भारत ने 63 श्रेणियों में 70 प्रतियोगियों का अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेजा था। कुल मिलाकर भारत ने 6 रजत पदक और 20 उत्कृष्टता पदक जीतकर प्रतियोगिता में 10वां स्थान प्राप्त किया।
एनआईएफटी के अनुसार, वर्ल्डस्किल्स जैसी प्रतियोगिताओं में भागीदारी से छात्रों को वैश्विक व्यावसायिक मानकों, उभरती प्रौद्योगिकियों और अंतरराष्ट्रीय मानदंडों से परिचित होने का अवसर मिलता है। संस्थान ने इस सफलता के लिए अपने छात्रों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और वस्त्र मंत्रालय को बधाई दी है।



