विश्व गैंडा दिवस 2026: राष्ट्रीय प्राणी उद्यान ने शिक्षकों के ओरिएंटेशन और जागरूकता कार्यक्रमों के साथ मनाया उत्सव
राष्ट्रीय प्राणी उद्यान, नई दिल्ली ने विश्व गैंडा दिवस के अवसर पर स्कूली शिक्षकों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम और आगंतुकों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किए।

राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (एनजेडपी), नई दिल्ली ने विश्व गैंडा दिवस 2026 के अवसर पर जागरूकता और शैक्षणिक कार्यक्रमों की एक श्रृंखला का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य गैंडा संरक्षण को बढ़ावा देना तथा वन्यजीव एवं जैव विविधता संरक्षण में स्कूलों और आम जनता की भागीदारी को मजबूत करना था।
अपनी स्कूल आउटरीच पहल के अंतर्गत, चिड़ियाघर ने इको-क्लब के प्रभारी शिक्षकों के लिए पहले ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें दिल्ली के 12 स्कूलों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान निदेशक (एनजेडपी) ने शिक्षकों से संवाद किया और पर्यावरण शिक्षा व संरक्षण जागरूकता के लिए स्कूलों और चिड़ियाघर के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को प्रकृति-आधारित शैक्षणिक गतिविधियों, नागरिक विज्ञान पहलों और चिड़ियाघर के अन्य आउटरीच कार्यक्रमों की जानकारी दी गई, ताकि भविष्य में होने वाली कार्यशालाओं और प्रतियोगिताओं में स्कूलों की भागीदारी बढ़ सके।
इसके अतिरिक्त, चिड़ियाघर के निकास द्वार पर आगंतुकों के लिए एक चित्र गतिविधि और जन जागरूकता वार्ता का आयोजन किया गया। यहाँ चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने गैंडों के पारिस्थितिक महत्व, उनकी संरक्षण स्थिति और जंगली गैंडों की आबादी के समक्ष आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के एक अन्य हिस्से के रूप में, गैंडा बाड़ों (एंक्लोजर) पर विशेष 'कीपर्स टॉक' (देखभालकर्ताओं की वार्ता) आयोजित की गई। इसमें देखभाल कर्ताओं ने आगंतुकों को गैंडों के व्यवहार, खान-पान की आदतों, उनकी दैनिक देखभाल और वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में बताया। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राष्ट्रीय प्राणी उद्यान, नई दिल्ली में 'अंजुहा' नाम की एक वयस्क मादा गैंडा मौजूद है।

