सुशासन निवेशकों के विश्वास को बनाए रखने वाला 'अदृश्य बुनियादी ढांचा' है: उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) के 58वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया।

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) के 58वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने पारदर्शी, नैतिक और समावेशी कॉरपोरेट प्रशासन को मजबूत करने में ICSI की लगभग छह दशक की यात्रा की सराहना की।
उपराष्ट्रपति ने सुशासन को एक 'अदृश्य बुनियादी ढांचा' बताया जो निवेशकों के विश्वास और सार्वजनिक भरोसे को बनाए रखता है। उन्होंने कंपनी सचिवों को 'गवर्नेंस के संरक्षक' और भारतीय उद्योग जगत के ट्रस्ट आर्किटेक्चर का केंद्र करार दिया। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि आधुनिक अर्थव्यवस्था में निरंतर आर्थिक प्रगति के लिए निवेशकों का विश्वास आवश्यक है, और कंपनी सचिव सूचीबद्ध कंपनियों, स्टार्टअप्स, पारिवारिक व्यवसायों और उद्यमों को जिम्मेदारी से बढ़ने में सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उन्नत डेटा एनालिटिक्स के युग पर चर्चा करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रौद्योगिकी निर्णय लेने की प्रक्रिया और सूचना उत्पन्न करने के तरीकों को बदल सकती है, लेकिन ईमानदारी, जवाबदेही, पारदर्शिता और जिम्मेदारी का दायित्व हमेशा मानव का ही रहेगा।
विकसित भारत @2047 के लक्ष्य पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत संस्थान और शासन उतना ही महत्वपूर्ण होगा जितना कि भौतिक और डिजिटल बुनियादी ढांचा। उन्होंने ICSI, ICAI और ICMAI को एक मजबूत कॉर्पोरेट और आर्थिक इको सिस्टम के प्रमुख संस्थागत स्तंभ बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने 'एमएसएमई अनुपालन कैलेंडर 2027' लॉन्च किया और स्टार्टअप्स व एमएसएमई के लिए ICSI की विभिन्न पहलों की सराहना की। उन्होंने संस्थान की शुल्क-माफी पहल और 'शहीद की बेटी' पहल के तहत राष्ट्रीय रक्षा कोष एवं सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में ICSI के योगदान की भी प्रशंसा की।
अंत में, श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने भारत को दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की आकांक्षा रखने का आह्वान किया ताकि देश को किसी अन्य द्वारा अवांछित शर्तें न सौंपी जाएं। इस अवसर पर ICSI के अध्यक्ष सी.एस. पवन चांडक, राज्यसभा की पूर्व सांसद डॉ. सोनल मानसिंह और ICSI के सचिव सी.एस. आशीष मोहन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

